स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिलेंगे कई फायदे,विद्युत विभाग ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता (E.E.) श्री मुकेश महोवे ने स्मार्ट मीटर को लेकर आम जनता के बीच महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए इसके लाभों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सुविधाजनक बिजली सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री महोवे ने बताया कि पहले मीटर रीडर द्वारा समय पर रीडिंग नहीं लिए जाने के कारण कई बार उपभोक्ताओं को अधिक राशि के बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था। स्मार्ट मीटर लगने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के अनुसार बिल प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता समय के अनुसार बिजली उपयोग कर बिल में बचत भी कर सकते हैं। यदि उपभोक्ता सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच बोरवेल, वाशिंग मशीन तथा अन्य अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग करते हैं,तो उन्हें बिजली बिल में लगभग 20 प्रतिशत तक का लाभ मिल सकता है।
स्मार्ट मीटर की एक बड़ी विशेषता यह भी है कि उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन में संबंधित एप डाउनलोड कर बिजली खपत की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके माध्यम से वे एक सप्ताह,छह माह और लगभग दो वर्षों तक की बिजली खपत का रिकॉर्ड देख सकते हैं तथा अपनी ऊर्जा खपत का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं।
इस अवसर पर श्री मुकेश महोवे ने बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि आंधी-तूफान या बारिश के दौरान विद्युत लाइनों,खंभों या अन्य विद्युत उपकरणों से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत विद्युत विभाग को दें। उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी खंभे से सर्विस वायर स्पर्श कर रही हो या बिजली से जुड़ा कोई खतरा दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से लोहे के खंभों और टूटे हुए विद्युत तारों से दूर रहें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को भी जागरूक करें।
"सुरक्षित रहें,सतर्क रहें और स्मार्ट मीटर के लाभों का अधिकतम उपयोग करें" – इसी संदेश के साथ विद्युत विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com