शहर की यातायात एवं अतिक्रमण व्यवस्था सुधारने संयुक्त अभियान,नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

शहर की यातायात एवं अतिक्रमण व्यवस्था सुधारने संयुक्त अभियान,नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई 



ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.

कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने एवं सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात थाना प्रभारी एवं नगर निगम अतिक्रमण प्रभारी ने संयुक्त रूप से शहर का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों,व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने नियमों का पालन कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण,बेतरतीब पार्किंग तथा यातायात बाधित करने वाले अन्य कारणों को चिन्हित किया। व्यापारियों,वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए स्पष्ट कहा गया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण एवं यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यातायात प्रभारी श्री अनूप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। वहीं नगर निगम अतिक्रमण प्रभारी श्री मानेंद्र सिंह बघेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार समझाइश के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्यवाही भी की जाएगी।

संयुक्त टीम ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सड़क एवं फुटपाथों पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा न करें। अधिकारियों ने कहा कि शहर की सुंदरता,स्वच्छता और सुव्यवस्थित यातायात बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

"नियमों के विरुद्ध जाएंगे तो होगी कानूनी कार्रवाई" के स्पष्ट संदेश के साथ प्रशासन ने शहर में व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त रुख अपनाया है,जिससे आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !

खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक 
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
 


Email - globalindiatodaynews@gmail.com 



Post a Comment (0)
Previous Post Next Post