तहसीलदार,पटवारी पर फर्जी नामांतरण का आरोप,कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। जिले में भूमि नामांतरण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है,जिसमें राजस्व विभाग के अधिकारियों पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति का नामांतरण कराने के आरोप लगाए गए हैं। मामले की शिकायत कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता कुलवीर सिंह द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार,गुरुनानक वार्ड,सब्जी मंडी स्थित भवन क्रमांक 1551 से संबंधित नामांतरण प्रकरण क्रमांक 249/अ-6/2012-13 में नियमों की अनदेखी करते हुए कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किया गया। शिकायत में तहसीलदार,पटवारी धर्मेन्द्र त्रिपाठी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त नामांतरण को न्यायालय में चुनौती दी गई थी। न्यायालय द्वारा 15 अप्रैल 2025 को पारित आदेश में संबंधित नामांतरण को निरस्त कर दिया गया था। इसके बावजूद शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब तक इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति का नामांतरण कर राजस्व अभिलेखों की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को प्रभावित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य उनके पास उपलब्ध हैं,जिन्हें जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है।
कलेक्टर से की गई शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय करने तथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददातायों की आवश्यकता है साथ ही खबरो और विज्ञापन के लिए संपर्क करें,हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️