कटनी को मिलेगी बिजली संकट से राहत:नए फीडर शुरू होने से 15 हजार उपभोक्ताओं को होगा फायदा
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। शहर में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग,लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। विद्युत विभाग द्वारा शहर की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नए 33 केवी एवं 11 केवी फीडर शुरू किए जा रहे हैं,साथ ही नई विद्युत लाइनों का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद लगभग 15 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के सिटी डिवीजन प्रभारी मुकेश मोहले ने बताया कि शहर में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए चार नए फीडर विकसित किए जा रहे हैं। इनके शुरू होने से लोड का संतुलित वितरण होगा और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग तथा फॉल्ट की समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आएगी।
माधव नगर क्षेत्र को मिलेगी बड़ी राहत
माधव नगर क्षेत्र के लिए 132 केवी शांति नगर सब स्टेशन से नया 33 केवी फीडर प्रारंभ किया जाएगा। इस फीडर के चालू होने से क्षेत्र के 12 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में स्लीमनाबाद 33 केवी लाइन से शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को विद्युत आपूर्ति की जा रही है,जिससे अधिक लोड होने पर ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न होती है।
नए फीडर के शुरू होने के बाद शहरी और ग्रामीण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अलग-अलग हो जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले फॉल्ट और ट्रिपिंग का असर शहर की बिजली व्यवस्था पर नहीं पड़ेगा और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी।
बरगवां औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग 33 केवी लाइन
बरगवां औद्योगिक क्षेत्र के लिए अलग से 33 केवी लाइन बिछाई जा रही है,जिसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वर्तमान में पहरुआ 33 केवी लाइन से अमकुही,बरगवां औद्योगिक क्षेत्र तथा गणेश चौक क्षेत्र के लगभग 15 हजार उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
कटाएघाट उपकेंद्र से नई 33 केवी लाइन तैयार होने के बाद औद्योगिक क्षेत्र के सभी उच्च दाब उपभोक्ताओं को अलग विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी। इससे फॉल्ट अटेंड करने में आसानी होगी,ट्रिपिंग की समस्या कम होगी और उद्योगों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी।
नया 11 केवी फीडर भी होगा शुरू
33/11 केवी पहरुआ उपकेंद्र से नया 11 केवी फीडर भी प्रारंभ किया जा रहा है। यह फीडर सिटी-5 फीडर के भार को विभाजित करेगा,जिससे करीब 1500 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु हो सकेगी।
मुकेश मोहले ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण लंबे समय तक बिजली बंद करना संभव नहीं था,इसलिए कार्यों में विलंब हुआ। अब अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और मौसम तथा तकनीकी परिस्थितियां अनुकूल होते ही नए फीडरों को चालू कर दिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि नई व्यवस्थाओं के लागू होने के बाद शहर में ट्रिपिंग,लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं में बड़ी कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय और बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️