कटनी में शराब दुकानों पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन
अब QR कोड बताएगा शराब की सही कीमत,ओवररेटिंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी जिले में मदिरा बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए आबकारी विभाग ने नई पहल शुरू की है। जिले की सभी कम्पोजिट मदिरा दुकानों पर अब रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा की गई है। साथ ही दुकानों के काउंटर पर QR कोड लगाए गए हैं,जिन्हें स्कैन करते ही ग्राहकों को शराब की ब्रांडवार अधिकृत कीमत की जानकारी मिल जाएगी।
जिला आबकारी अधिकारी सुश्री विभा मारकम ने बताया कि पिछले कुछ समय से ओवररेटिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई दुकानों पर निर्धारित मूल्य से 10 से 50 रुपए तक अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत सामने आई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने सभी अनुज्ञप्तिधारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अब हर दुकान के बाहर देसी,अंग्रेजी और बीयर ब्रांड की MSP और MRP स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। ग्राहक QR कोड स्कैन कर सीधे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव रेट भी देख सकेंगे।
विभाग ने साफ कहा है कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पाए जाने पर जुर्माना,लाइसेंस निलंबन और अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ग्राहकों को CM हेल्पलाइन के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है।
आबकारी विभाग द्वारा दुकानों का औचक निरीक्षण भी शुरू कर दिया गया है।