कटनी नगर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,पुलिस से झड़प के बीच अमित शाह का पुतला फूंका
byGlobalindiatodaynews-
0
कटनी नगर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,पुलिस से झड़प के बीच अमित शाह का पुतला फूंका
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी/कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कचेहरी चौराहे पर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कथित बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब पुतला दहन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कोतवाली थाना पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया,वहीं फायर ब्रिगेड की पानी की बौछारों के बीच भी कार्यकर्ता डटे रहे और विरोध जारी रखा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज को “वनवासी” कहकर उनकी पहचान और अस्मिता को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है,जिसे समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि आदिवासी समाज देश की मूल संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है तथा उनके सम्मान पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है।
आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि आदिवासी समाज अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट रहा है और आगे भी अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।
कार्यक्रम में प्रियदर्शन गौर, राकेश जैन कक्का,अंशु मिश्रा,ओमकार सिंह मरकाम,रजनी वर्मा,अभिषेक प्यासी, अजय खटीक,जितेंद्र गुप्ता,राजेश जाटव,कमल पांडे,संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।