कटनी की सड़कें जाम में तड़पती रहीं,एसपी महोदय की पुलिस हालात से बेखबर

कटनी की सड़कें जाम में तड़पती रहीं,एसपी महोदय की पुलिस हालात से बेखबर



ग्लोबल इंडिया टुडे न्यूज M.P.

कटनी। सोमवार शाम शहर की सड़कों पर हालात बद से बदतर नजर आए। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में घंटों तक भीषण जाम लगा रहा,जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चांडक चौक,मिशन चौक,बस स्टैंड,घंटा घर,बरगवा, कैलाबरा फाटक,भट्टा मोहल्ला,मुख्य क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग सड़क पर फंसे रहे,लेकिन यातायात व्यवस्था संभालने के लिए जिम्मेदार पुलिस प्रशासन कहीं नजर नहीं आया।

स्कूल से लौट रहे बच्चे,नौकरीपेशा लोग,मरीजों को लेकर जा रहे वाहन और व्यापारी सभी जाम की मार झेलते दिखाई दिए। कई एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं,जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। शहरवासियों का कहना है कि कटनी में लगातार बढ़ते अतिक्रमण,अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात पुलिस की लापरवाही के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है,लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी बेहद कम रहती है। कई जगह नो-पार्किंग में वाहन खड़े होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती,जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है। लोग घंटों जाम में फंसे रहे और पुलिस व्यवस्था को कोसते नजर आए।

शहरवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं,प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और अवैध पार्किंग व अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई हो। यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में कटनी की यातायात स्थिति और भयावह हो सकती है। 

Email - globalindiatodaynews@gmail.com

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post