गर्ग चौराहा ओवरब्रिज पर दो बाइकों की भिड़ंत,नो पार्किंग में खड़े वाहन बने हादसों की वजह

गर्ग चौराहा ओवरब्रिज पर दो बाइकों की भिड़ंत,नो पार्किंग में खड़े वाहन बने हादसों की वजह



ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P. 

कटनी। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल गर्ग चौराहा ओवरब्रिज एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवालों के घेरे में आ गया। सोमवार शाम ओवरब्रिज पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई,जिसमें बाइक सवार युवक घायल हो गए। हादसे के दौरान एक परिवार बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते लोगों ने सतर्कता नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवरब्रिज पर लंबे समय से नो पार्किंग क्षेत्र में कारों और ऑटो रिक्शा का अवैध रूप से खड़ा होना आम बात हो गई है। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण ब्रिज की चौड़ाई कम हो जाती है,जिससे आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर शाम के समय यातायात बढ़ने पर स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक सवार तेज रफ्तार में ब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी कार और ऑटो को बचाने के प्रयास में दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना के समय एक दंपति अपने छोटे बच्चों के साथ ब्रिज से गुजर रहा था। बाइक टकराने के बाद वाहन उनकी ओर बढ़े, लेकिन समय रहते उन्होंने खुद को बचा लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई नहीं करता तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि गर्ग चौराहा ओवरब्रिज पर नियमित यातायात व्यवस्था लागू की जाए। नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए और ब्रिज पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए,ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि ओवरब्रिज पर हर दिन जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या बनी रहती है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन भी किया जा सकता है।

Email - globalindiatodaynews@gmail.com 

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post