कटनी भाजपा युवा मोर्चा में जिला अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज,कई युवा दावेदार मैदान में

कटनी भाजपा युवा मोर्चा में जिला अध्यक्ष पद को लेकर सियासी हलचल तेज,कई युवा दावेदार मैदान में



ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.

कटनी। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला कटनी के नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संगठन और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आगामी नियुक्ति को लेकर युवा नेताओं के बीच सक्रियता बढ़ गई है और संगठन के भीतर नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों तक लगातार बैठकों और रणनीति पर मंथन जारी है।

सूत्रों के अनुसार जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में देव श्रीवास्तव,अक्षय श्रीवास्तव,आतिन अग्रवाल,दिलराज अमर सिंह,अजय माली और पारस जैन के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं। इन संभावित दावेदारों को लेकर अलग-अलग गुटों में समर्थन और विरोध की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। संगठन के अंदर युवा नेतृत्व को लेकर इस बार कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

इसी बीच एक चर्चित दावेदार से जुड़ा पुराना विवाद भी संगठन के भीतर चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि कोतवाली थाना कटनी से संबंधित एक मामला कुछ कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष की वजह बना हुआ है। पार्टी का कहना है कि जनता की नजर में दागी लोगों को इस पद से दूर रखेंगे। हालांकि समर्थकों का दावा है कि संबंधित नेता लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और युवाओं के बीच उसकी अच्छी पकड़ है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता राहुल कोठारी और सुजीत जैन की भूमिका नियुक्ति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यही कारण है कि सभी दावेदार शीर्ष नेतृत्व तक अपनी पहुंच मजबूत करने और संगठन में सक्रियता दिखाने में जुटे हुए हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि युवा मोर्चा की कमान ऐसे चेहरे को मिलनी चाहिए जिसकी छवि साफ-सुथरी हो,संगठन के प्रति निष्ठा हो और जिसने लंबे समय तक युवाओं के बीच रहकर काम किया हो। दूसरी ओर दावेदारों के समर्थक भी सोशल मीडिया,बैठकों और शक्ति प्रदर्शन के जरिए माहौल बनाने में लगे हुए हैं।

अब सभी की नजरें भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि आखिर भारतीय जनता युवा मोर्चा कटनी की कमान किस युवा चेहरे को सौंपी जाती है। आगामी दिनों में होने वाला फैसला जिले की राजनीति में नए समीकरण तय कर सकता है।

Email - globalindiatodaynews@gmail.com 



Post a Comment (0)
Previous Post Next Post