वायरल ऑडियो ने खोली पोल,स्लीमनाबाद थाने के ASI पर गिरी गाज
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी / कटनी जिले में पुलिस व्यवस्था और थानों में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला स्लीमनाबाद थाना का है,जहां पदस्थ उप निरीक्षक (एएसआई) संतोष बड़गैया को एक वाहन स्वामी से कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। रिश्वत मांगने से जुड़ा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,प्रिंस सोनी नामक व्यक्ति के वाहन का कुछ दिन पूर्व तेवरी क्षेत्र के पास सड़क हादसा हो गया था। वाहन के बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे थाना स्तर से आवेदन की पावती आवश्यक थी आरोप है कि इसी औपचारिक कार्य के बदले एएसआई संतोष बड़गैया ने ₹5 हजार की मांग की।
बताया जाता है कि वाहन स्वामी और एएसआई के बीच हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड हो गया,जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो इसकी गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई गई। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित एएसआई के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई कर दी।
इस घटना के बाद जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों से जुड़े सामान्य कार्यों में भी यदि रिश्वत की मांग की जाती है तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व बहोरीबंद थाना क्षेत्र में भी रिश्वत से जुड़े एक मामले में कार्रवाई हुई थी,जिसमें तत्कालीन थाना प्रभारी पर गाज गिरी थी। वहीं स्लीमनाबाद के इस मामले में अब तक थाना प्रभारी के स्तर पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि इस संबंध में विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है वहीं आमजन की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मामले की विस्तृत जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।
Email - globalindiatodaynews@gmail.com