महिलाओं का संघर्ष: सप्लाई पूरी,लेकिन भुगतान नहीं- कलेक्टर से लगाई गुहार
50 हजार पौधों की सप्लाई,फिर भी खाली हाथ - स्व-सहायता समूह ने उठाई आवाज
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
जिला कटनी के बड़वारा जनपद अंतर्गत ग्राम बैरगमा नंबर 01 में संचालित दुर्गा स्व-सहायता समूह ने प्रशासन से भुगतान दिलाने की मांग उठाई है। समूह की महिलाओं का आरोप है कि वर्ष 2020 के कोविड काल में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत करीब 50 हजार पौधों की नर्सरी तैयार कर विभिन्न ग्राम पंचायतों को सप्लाई की गई थी,लेकिन आज तक उनका भुगतान नहीं किया गया है।
समूह की अध्यक्ष खुशबू सिंह और सचिव रोशनी दाहिया के नेतृत्व में यह नर्सरी तैयार की गई थी। समूह के अनुसार,तैयार पौधों को बहोरीबंद,कटनी,ढीमरखेड़ा, रीठी और विजयराघवगढ़ जनपदों की ग्राम पंचायतों में वितरित किया गया था।
महिलाओं का कहना है कि उन्होंने शासन की योजना के तहत मेहनत कर पौधे तैयार किए और समय पर सप्लाई भी की, लेकिन संबंधित जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों द्वारा अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इससे समूह की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
समूह की सदस्य अनीता बाई,मैन बाई,नानबाई,ललता बाई, सुल्तान बाई,सुखिया बाई और रामरती बाई सहित अन्य महिलाओं ने कलेक्टर से हस्तक्षेप कर जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
महिलाओं ने कलेक्टर को सौंपे आवेदन में कहा है कि यदि समय रहते भुगतान नहीं हुआ तो समूह को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उनका हक कब तक मिल पाता है।
बड़वारा ब्लॉक हेड -- सूर्य प्रताप सिंह बघेल का कहना है कि यह भुगतान बहुत पहले हो चुका है इसकी जांच में करवा रहा हूं।
जिला हेड -- शबाना बेगम का कहना है कि इस विषय को संज्ञान में लेकर इसकी जांच करवा कर सारी रिपोर्ट,सूर्य प्रताप सिंह बघेल से मंगवाऊंगी।

