जिला पंचायत सीईओ ने जनसुनवाई में सुनीं 147 आवेदकों की समस्याएं
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने 147 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा,संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल,डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बकरी पालन हेतु ऋण दिलायें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम हीरापुर कौडि़या निवासी शकुंतला चौधरी पति राजू चौधरी ने जिला पंचायत सीईओ को बताया कि मैंने बकरी पालन हेतु पशुपालन विभाग में ऋण हेतु आवेदन किया था। परंतु,बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बावजूद मुझे अभी तक ऋण की राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने पशु विभाग को पात्रतानुसार ऋण दिलाने के निर्देश दिए।
शराब दुकान हटवायें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत पिपरियाकला के ग्रामवासियों ने गांव में स्थित शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुये बताया कि हमारे ग्राम में यथार्थ ज्योति इंग्लिश मीडियम स्कूल से कुछ ही दूरी पर एक शराब दुकान है। जिससे यहां का माहौल खराब हो रहा है। इस पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने जिला आबकारी अधिकारी को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
समग्र आईडी में नाम जुड़वायें
रीठी निवासी ओमप्रकाश यादव ने जिला पंचायत सीईओ को आवेदन देते हुये बताया कि मैं अपनी पत्नी अंजूलता यादव का नाम समग्र आईडी में जुड़वाने के लिए कई बार आवेदन दे चुका हूँ। परंतु,अभी तक मेरी पत्नी का नाम समग्र आईडी में नहीं जुड़ पाया है। जिस काराण मुझे शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाएं
जनसुनवाई के दौरान ग्राम कटंगीकला निवासी मुन्नी बाई कोरी ने आवेदन देते हुए बताया कि पात्र होने के बावजूद पिछले 2 महीने से मुझे लाड़ली बहना योजना कि राशि नहीं मिल रही है। इस पर सीईओ श्रीमती कौर ने महिला एवं बाल विकास को पात्रतानुसार आवेदिका को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com