मीडिया से छिपाई गई तबादला सूची,फोन पर दी जा रही पदस्थापना की जानकारी

मीडिया से छिपाई गई तबादला सूची,फोन पर दी जा रही पदस्थापना की जानकारी



ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.

कटनी। जिले में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रदेश स्तर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादलों के बाद अब जिला स्तर पर भी कई थानों के प्रभार में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न थानों में पदस्थ प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों के भी तबादले किए गए हैं। हालांकि इस बार पुलिस विभाग द्वारा तबादला सूची सार्वजनिक नहीं की गई, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।


जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर इस बार तबादला सूची मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई। तबादले से प्रभावित पुलिसकर्मियों को सीधे फोन के माध्यम से उनके नवीन पदस्थापना स्थल की जानकारी देकर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।


पुलिस विभाग में हुए फेरबदल के तहत निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हुई कुठला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी कार्यवाहक निरीक्षक अखिलेश दाहिया को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि अखिलेश दाहिया पूर्व में बहोरीबंद थाना प्रभारी रह चुके है।


इसके अलावा विजयराघवगढ़ एवं ढीमरखेड़ा थानों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे को विजयराघवगढ़ का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। दूसरी ओर पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक महिमा रघुवंशी को ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


सूत्रों के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ कई प्रधान आरक्षकों एवं आरक्षकों के भी तबादले किए गए हैं,लेकिन उनकी सूची अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। कुछ पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्हें फोन कॉल के माध्यम से तबादले की सूचना दी गई तथा तत्काल नई पदस्थापना पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।


तबादला सूची को गोपनीय रखने और मीडिया को जानकारी उपलब्ध न कराने के कारण पुलिस महकमे में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। विभागीय हलकों में तबादलों के पीछे प्रशासनिक कारणों को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी चल रही हैं।

मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !

खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक 
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
 


Email - globalindiatodaynews@gmail.com 






Post a Comment (0)
Previous Post Next Post