सिटी मॉल के पास ऑटो चालक से लूट,मारपीट और चाकूबाजी का आरोप,शिकायत पर भी उठे गंभीर सवाल
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। “अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास” का नारा देने वाली कटनी पुलिस इन दिनों ठीक इसके उलट तस्वीर पेश करती दिखाई दे रही है। ISO अवार्ड के लिए जिस तरह से थानों की इमारतें चमकाई जा रही हैं,रंग-रोगन हो रहा है,बैठकों में अपराध नियंत्रण के दावे किए जा रहे हैं,लेकिन जिले की सड़कें लगातार असुरक्षित होती जा रही हैं। हालात यह हैं कि अपराधी खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं और पुलिस अधिकांश मामलों में केवल वारदात के बाद सक्रिय नजर आती है।
जिले में चाकूबाजी,लूट,मारपीट,फायरिंग और गुंडागर्दी की घटनाओं ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ऐसा प्रतीत होने लगा है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ लगभग समाप्त हो चुका है। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल सिटी मॉल इलाके का है,जहां एक ऑटो चालक के साथ कथित लूट,मारपीट और चाकूबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित के अनुसार वह अपने दोस्तों को रेलवे स्टेशन छोड़कर घर लौट रहा था। उसके साथी सेना में ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार कुछ नशेड़ी युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने उसकी जेब में रखे रुपये लूट लिए और महिला साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। पीड़ित ने किसी तरह खुद को बचाया,अन्यथा घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय यह पूरी वारदात हो रही थी,उसी समय घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सीएसपी की टीम अवैध आहाते पर कार्रवाई में व्यस्त थी। सवाल यह है कि जब पुलिस की मौजूदगी आसपास थी,तब अपराधी इतनी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम कैसे दे रहे थे? क्या अपराधियों को अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है?
पीड़ित के आरोप यहीं समाप्त नहीं होते। उसका कहना है कि शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचने पर उसे त्वरित न्याय मिलने के बजाय मामले को रफादफा करने की कोशिशों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि घटना से जुड़े वीडियो को डिलीट कराने और शिकायत को कमजोर करने का प्रयास किया गया। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह मामला केवल अपराधियों की गुंडागर्दी का नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही का भी विषय बन जाता है।
कटनी में पिछले कुछ महीनों के दौरान लगातार सामने आईं चाकूबाजी,फायरिंग,लूट और मारपीट की घटनाएं इस बात की गवाही दे रही हैं कि अपराध नियंत्रण को लेकर जमीनी स्तर पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे। हर नई वारदात के बाद पुलिस कार्रवाई और प्रेस नोट जरूर सामने आते हैं,लेकिन अपराधों की पुनरावृत्ति यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर रोकथाम की रणनीति कहां है?
आज जिले की जनता पूछ रही है कि यदि शहर के प्रमुख बाजार,मॉल और सार्वजनिक स्थान भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक आखिर खुद को सुरक्षित महसूस करे भी तो कैसे? क्या पुलिस अपराध रोकने की जगह केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित होकर रह गई है?
कटनी में बढ़ते अपराध और पीड़ित द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप अब वरिष्ठ अधिकारियों से स्पष्ट जवाब मांग रहे हैं। क्योंकि मामला केवल एक ऑटो चालक का नहीं,बल्कि उस कानून-व्यवस्था का है जिस पर पूरे जिले की सुरक्षा और जनता का भरोसा टिका हुआ है।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com