स्कूटी विवाद पर बवाल: नगर निगम अतिक्रमण कार्यालय में घुसकर मारपीट,चार आरोपियों पर सात धाराओं में मामला दर्ज
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। नगर निगम के अतिक्रमण विभाग द्वारा एक स्कूटी को जब्त किए जाने के विवाद ने गुरुवार शाम हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चार युवक नगर निगम के अतिक्रमण कार्यालय में घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले में कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम के रिकवरी वाहन चालक हिमांशु तिवारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 12 जून 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह आउटसोर्स कर्मचारी धर्मेंद्र सपेरा के साथ अतिक्रमण कार्यालय पहुंचे थे। उस समय कार्यालय में सहायक अतिक्रमण अधिकारी देवेंद्र बाजपेई,राकेश रजक,मनोज साहू,रंजना गौर और मनीषा चौहान मौजूद थे।
इसी दौरान जावेद कुरैशी (एकता नगर),शहबाज (मिशन चौक) तथा उनके दो अन्य साथी कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और जब्त की गई स्कूटी को लेकर नाराजगी जताई। आरोपियों ने कार्यालय में रखे दस्तावेज फेंक दिए तथा शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया।
शिकायत के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने हिमांशु तिवारी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की,जिससे उनके चेहरे और गले में चोटें आईं। इतना ही नहीं,कार्यालय में रखी कुर्सियों और टेबल में भी तोड़फोड़ की गई। बाद में वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया,जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जावेद कुरैशी, शहबाज और उनके दो अन्य साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333,296(B),115(2), 132,324(4),351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
नगर निगम कार्यालय में घुसकर शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटना ने शहर में कानून व्यवस्था और सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com