कटनी में 14 वन्यजीवों की सामूहिक मौत,तालाब में जहर मिलाने की आशंका;तीन आरोपी गिरफ्तार
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में 14 वन्यजीवों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मृत वन्यजीवों में 12 चीतल और 2 सांभर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में तालाब के पानी में किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार,गुरुवार सुबह घुघरी-कांटी गांव के समीप जंगल में नियमित गश्त के दौरान वन अमले को एक तालाब के आसपास लगभग 100 मीटर के दायरे में 12 चीतल और 2 सांभर मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी,डॉग स्क्वॉड तथा अन्य अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड घुघरी गांव स्थित एक संदिग्ध के घर तक पहुंचा। तलाशी के दौरान वहां से ताजा खून के निशान, वन्यजीवों के बाल,मांस तथा शिकार में प्रयुक्त फंदे और अन्य उपकरण बरामद किए गए। संदिग्ध से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर गडौरी गांव से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) गर्वित गंगवार ने बताया कि मौके पर मृत वन्यजीवों के मुंह से झाग निकलता हुआ पाया गया। साथ ही तालाब के पानी की स्थिति भी संदिग्ध प्रतीत हुई, जिससे उसमें किसी जहरीले पदार्थ के मिलाए जाने की आशंका है। हालांकि,मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कराकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं,तालाब के पानी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा संबंधित तालाब के आसपास कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है,ताकि कोई अन्य वन्यजीव या मवेशी दूषित पानी के संपर्क में न आए। एहतियात के तौर पर प्रभावित जल स्रोत को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
वन विभाग का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मध्यप्रदेश के समस्त जिले एवं तहसील स्तर पर संवाददाताओं की आवश्यकता है !
खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया TODAY न्यूज म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com