बरगी बांध में बड़ा हादसा: पर्यटकों से भरा क्रूज पलटा,35 सुरक्षित निकाले गए, 5 लापता
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी। जबलपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बरगी बांध में गुरुवार शाम सैर-सपाटे का आनंद उस वक्त चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया,जब पर्यटकों से भरा एक क्रूज बीच पानी में अनियंत्रित होकर पलट गया।
शाम करीब 6 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बांध का शांत माहौल अचानक दहशत में बदल गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रूज में क्षमता से अधिक करीब 40 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि क्रूज अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद पलट गया, जिससे उसमें सवार पर्यटक पानी में जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। स्थानीय ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की तत्परता से अब तक 35 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है,जबकि 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम गहराई में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।जबलपुर से अतिरिक्त बचाव दल और मेडिकल टीमों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि गंभीर स्थिति वाले लोगों को जबलपुर रेफर किए जाने की तैयारी की गई है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह क्रूज में तकनीकी खराबी या ओवरलोडिंग मानी जा रही है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों को सुरक्षित ढूंढ निकालना है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच बाद में की जाएगी।बरगी बांध जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पर्यटकों की सुरक्षा, क्रूज संचालन की निगरानी और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने जैसी लापरवाहियों को लेकर अब प्रशासन पर जवाबदेही तय करने का दबाव बढ़ गया है।बरगी बांध की यह शाम सैर-सपाटे की यादों से ज्यादा अब दहशत,डर और इंतजार के रूप में लोगों के जेहन में दर्ज हो गई है।
खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com