जबलपुर सिविल कोर्ट में धमाका,पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार,एक पर लगा एनएसए
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
जबलपुर: जिला न्यायालय में सुतली बम फोड़कर धमाका करने वाले आठ आरोपियों में से पांच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक पर एनएसए के तहत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। तीन आरोपी फरार हैं और उनकी सरगर्मी से तलाश जारी है।
कोर्ट कैंपस में हुआ था जोरदार धमाका
गौरतलब है कि जबलपुर जिला सत्र न्यायालय परिसर में सोमवार की दोपहर लगभग 4 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट नंबर-2 में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के कक्ष के समीप स्थित कैंपस में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही अदालत परिसर में मौजूद अधिवक्ता, कर्मचारी और वादकारी घबरा गए। कुछ समय के लिए पूरे परिसर में हडकंप की स्थिति बन गई।
चौंक गए सभी लोग
घटना के समय अदालत में सामान्य रूप से कामकाज चल रहा था। अचानक हुए इस विस्फोट जैसी आवाज ने वहां मौजूद लोगों को चौंका दिया और कई लोग सुरक्षा की दृष्टि से तुरंत बाहर निकल आए थे। सुरक्षा एजेंसी और पुलिस बल ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला न्यायालय प्रशासन ने ओमती थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
ओमती पुलिस ने प्रकरण को जांच में लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर न्यायालय परिसर में बम फोड़ने वाले तन्मय, अनूप श्रीपाल, अनूज राजपूत, परोक्ष उर्फ दक्ष राजपूत और पंकज राजपूत को गिरफ्तार किया। पंकज के खिलाफ पूर्व में अपहरण, अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के 11 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं।
एनएसए की हुई कार्रवाई
आरोपी पंकज के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रतिवेदन पेश किया गया था। जिला दंडाधिकारी के द्वारा आरोपी की आपराधिक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए एनएसए के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इसके बाद इसे जबलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। वहीं, तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है।

