जनसुनवाई में कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनीं 153 आवेदकों की समस्याएं
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी (17 मार्च) - कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 153 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शासकीय मद से भूमि अलग करायें
जनसुनवाई के दौरान कछारगांव कौआ रोड तहसील बहोरीबंद निवासी जागेशवर कोल ने कलेक्टर श्री तिवारी को अपनी शिकायत में बताया कि कछारगांव प.ह.नं. सलैया रा.नि.मं. बहोरीबंद स्थित भूमि खसरा नंबर 564/3 को तहसीलदार के द्वारा शासकीय मद में दर्ज कर दिया गया है। इस वजह से मुझे ऋण नहीं मिल पा रहा है। शासकीय मद से मेरी भूमि को अलग कर ऋण दिलवायें। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने बहोरीबंद तहसीलदार को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलायें
ग्राम पंचायत खितौली तहसील बरही निवासी कमला चतुर्वेदी ने कलेक्टर श्री तिवारी को बताया कि पात्र होने के बावजूद जनवरी माह से मुझे लाड़ली बहना योजना की राशि मिलना बंद हो गई है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग को पात्रतानुसार आवेदिका को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
अनुग्रह राशि दिलायें
ग्राम पंचायत मवई थाना स्लीमनाबाद निवासी सुनीता दुबे ने कलेक्टर श्री तिवारी को आवेदन देते हुये बताया कि मेरे पति ओमप्रकाश दुबे का स्वर्गवास नवंबर 2025 में एक्सीडेंट की वजह से हो गया था। मेरे पति सम्बल योजनांतर्गत पंजीकृत श्रमिक थे। अपने पति की मृत्यु के उपरांत मैने सम्बल योजनांतर्गत मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि के लिये ग्राम पंचायत मवई तथा जनपद पंचायत बहोरीबंद में अधिकारियो को आवेदन दिया था। परंतु, अभी तक मुझे अनुग्रह राशि प्रदान नहीं हुई है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत बहोरीबंद के सीईओ को पात्रतानुसार अनुग्रह राशि दिलाने के निर्देश दिए।
समग्र में नाम सुधार करवायें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पड़रिया पोस्ट कटंगीकला निवासी राजकुमार कोरी ने कलेक्टर श्री तिवारी से समग्र में सुधार कराने हेतु आवेदन देतेु हुये कहा कि समग्र आईडी में मेरा नाम गलत दर्ज है। परंतु, मेरे आधार कार्ड में मेरा नाम सही है। समग्र आईडी में मेरा नाम सुधरवा दीजिए। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने ई-गवर्नेंस को समग्र आईडी में आवेदक का नाम सही करने के निर्देश दिए।

