होली पर सुरक्षा को लेकर एनकेजे पुलिस की कसावट,एक दर्जन उत्पतियों को सिखाया सबक, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए भेजा जेल,नशे में वाहन चलाने वाले 15 लोगों पर कार्रवाई
मुस्तैदी
ग्लोबल इंडिया टू डे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ] होली पर्व के दौरान थाना क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियां या फिर आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एनकेजे पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। जिसके तहत आज एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में एनकेजे पुलिस टीम ने लगभग एक दर्जन ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जो क्षेत्र में उत्पात मचाते हुए शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे थे। इतना ही नहीं अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग करते हुए लगभग 15 नशेड़ी वाहन चालकों के ऊपर कार्यवाही भी की।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के द्वारा पर्व को देखते हुए दिए गए निर्देशों के तहत एनकेजे पुलिस लगातार थाना क्षेत्र में सक्रियता बरतते हुए कार्यवाही कर रही है। पुलिस की टीमें लगातार थाना क्षेत्र का भ्रमण करते हुए हर परिस्थिति पर नजर रख रही हैं। विभिन्न माध्यमों से सूचना प्राप्त होने पर आज ऐसे एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया जो उत्पात मचाकर शांति व्यवस्था को भंग कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेजा गया। इसके साथ ही दुर्गा चौक खिरहनी, तिलक कॉलेज के सामने एवं ग्राम हिरवारा में विशेष चेक प्वाइंट लगाया गया। आने जाने वाले लोगों की जांच करते हुए जांच के दौरान 15 वाहन चालक नशे की हालत में मिले, जिनके खिलाफ धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई। थाना प्रभारी श्री राजपूत ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सतत निगाह रखते हुए बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि या फिर किसी अनहोनी की सूचना मिले तो तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए तैयार और तत्पर है। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए तैनात है इसलिए होली का पर्व आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं।
खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें और हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें ।
चीफ़ एडिटर
राहुल सोनकर ग्लोबल इंडिया टू डे न्यूज
9301608586🖊️