रक्षक ही बने भक्षक! पन्ना में पुलिस की शर्मनाक करतूत से मचा हड़कंप
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी / मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बागेश्वर धाम जा रहे एक व्यापारी को रास्ते में रोककर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से अवैध वसूली और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने व्यापारी पर गांजा रखने का झूठा आरोप लगाकर उसे डराया-धमकाया और जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद व्यापारी से लगभग 95 हजार रुपये की मांग की गई,जिसमें 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कराए गए।
मामले में थाना प्रभारी रचना पटेल (टीआई),प्रधान आरक्षक रज्जाक खान और आरक्षक राम शरण अहिरवार के नाम सामने आए हैं। शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं,आरोपियों के खिलाफ धारा 120B, 384 और 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है।
घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आम जनता में भी इस मामले को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जिन पर सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है,यदि वही कानून का दुरुपयोग करने लगें तो जनता का भरोसा टूटना स्वाभाविक है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Email - globalindiatodaynews@gmail.com