राहगीरी डे - स्वच्छता के रंग में रंगा कटनी,हर कदम पर गूंजा ‘हमारा शहर,हमारी जिम्मेदारी’ का नारा,सड़कों पर उमड़ा उत्साह का सैलाब,स्वच्छ सर्वेक्षण में नंबर वन बनने को कटनी ने कसी कमर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज M.P.
कटनी। रविवार की सुबह जब सूरज ने आंख खोली तो गर्ग चौराहा से कारगिल चौक तक की सड़क सिर्फ वाहनों के लिए नहीं,बल्कि हौसलों,उम्मीदों और स्वच्छता के संकल्पों के लिए खुली थी। मौका था ‘राहगीरी डे’ 2026 के सातवें संस्करण का, जहां कटनी ने साबित कर दिया कि स्वच्छता कोई सरकारी फाइल नहीं,जन-जन की भावना है।
आयोजन के दौरान महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी,नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक,निगम आयुक्त तपस्या परिहार,एमआईसी सदस्य जयनारायण निषाद,सुभाष साहू,डॉ रमेश सोनी,सुरेंद्र गुप्ता,उमेंद्र अहिरवार,पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू,परवीन बिट्टू,रेखा संजय तिवारी,गोविंद चावला,शकुंतला सोनी,पूर्व पार्षद ऋचा गेलानी,रचना गुप्ता नगर के ख्याति प्राप्त चिकित्सक,उद्योगपति,समाजसेवी संगठन,गणमान्य नागरिक,छात्र,छात्रा,शिक्षक शिक्षिका,युवा,बुजुर्ग,सहित नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की काफी संख्या में मौजूदगी रही।
जब सड़कें बनी मंच…
सड़कें जब मंच बनीं तो कटनी का असली चेहरा सामने आया। कोई योग मैट पर तन को साध रहा था,तो कोई जुंबा की धुन पर मन को। कहीं नन्हे कदम स्केटिंग पर फिसलते हुए भविष्य की उड़ान भर रहे थे,तो कहीं साइकिल के पहिए स्वस्थ कटनी का संदेश दे रहे थे। रंगोली के रंगों में स्वच्छता की तस्वीर उकेरी गई,और नुक्कड़ नाटक की तालियों में पर्यावरण बचाने की गूंज सुनाई दी।
स्वच्छता बना जश्न का हिस्सा
यह राहगीरी डे सिर्फ मस्ती नहीं थी। हर गतिविधि के केंद्र में था एक ही संदेश – ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में कटनी को अव्वल बनाना है’। ‘फोर बिन प्रेजेंटेशन’ ने बताया कि कचरा नहीं,हमारी आदतें समस्या हैं। ‘प्लास्टिक को ना’ की तख्तियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जंग का ऐलान किया। हस्ताक्षर अभियान के बोर्ड पर जब सैकड़ों हाथों ने दस्तखत किए,तो लगा जैसे पूरे शहर ने एक साथ स्वच्छता की शपथ ली हो।
निगम का संदेश : ये आपकी जीत है
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि राहगीरी डे ने दिखा दिया कि जब सड़कें जनता की होती हैं, तो संदेश सीधे दिल तक पहुंचते हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण कोई प्रतियोगिता नहीं,आदत बदलने का आंदोलन है। और इस आंदोलन के असली हीरो आप सब हैं।”जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन ने भी नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
राहगीरी डे’ ने एक बार फिर साबित किया कि शहर तब बदलता है जब नागरिक चलते हैं, रुकते हैं, सोचते हैं और कदम उठाते हैं। कटनी ने आज सिर्फ सड़क पर कदम नहीं रखा, स्वच्छता की नई इबारत लिख दी। कार्यक्रम में नागरिकों ने जहां राहगीरी डे के सेल्फी पॉइंट के साथ फोटो ली। वही क्यू आर कोड स्कैन कर स्वच्छता का फीडबैक देकर जागरूक नागरिक का कर्तव्य निभाया। इस दौरान इको ब्रिक्स,अनुपयोगी सामग्री से सुंदर कलाकृति, रैन वाटर हार्वेस्टिंग का भी संदेश प्रसारित किया जाकर नागरिकों को जागरूक किया गया। वही मैजिक शो एवं रसकला संगीत विद्यालय की नन्ही बच्चियों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को
अचंभित कर दिया। कार्यक्रम समाप्ति के पूर्व विजेता प्रतिभागियों को तुलसी का गमला भेट कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। इस दौरान नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता,कार्यपालन यंत्री असित खरे,अंशुमान सिंह,नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन,राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर,सहित काफी संख्या में बच्चों,युवाओं,महिलाओं एवं बुजुर्गों की उपस्थिति रही।
Email - globalindiatodaynews@gmail.com