22 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की सफाई मित्रों और निगम कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच,नगर निगम ने लगाया मेगा स्वास्थ्य शिविर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी के द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अग्रिम पंक्ति के सफाई मित्रों सहित निगम कर्मचारियों एवं अधिकारियों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आज के.सी.एस. स्कूल परिसर में मेगा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुए इस एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में नगर के 22 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सहभागिता करते हुए 500 से अधिक सफाई मित्रों एवं निगम कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर स्वास्थ्य सुरक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा समय रहते गंभीर बीमारियों की पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की उपस्थिति में नगर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. मनीष गट्टानी, डॉ. पारितोष सोनी, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. नवीन कर्ण, सर्जन डॉ. आर. हरचंदानी, डॉ. के.एन. लहरिया, डॉ. प्रसंग बजाज, डॉ. रीतेश दुबे, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, डॉ. सुषमा गट्टानी, डॉ. शैफाली गुप्ता, डॉ. अनुराग शर्मा, ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. अनुराग खरे, डॉ. अभिषेक चौरसिया, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विनय जैन एवं डॉ. अतुलेश जैन, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. आर्यन तिवारी, डॉ. शानू अग्रवाल, डॉ. चांदिनी रिमझर सहित जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र दीवान उपस्थित रहे।
शिविर में मधुमेह, एनीमिया, रक्तचाप, वजन परीक्षण, छाती का एक्स-रे, बलगम जांच सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। इसके अतिरिक्त श्वसन रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, दंत रोग, मानसिक स्वास्थ्य, शिशु रोग तथा नाक-कान-गला संबंधी रोगों की विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किए।
शिविर में आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की सहायता से प्रतिभागियों की विस्तृत जांच की गई।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले इन कर्मियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना नगर निगम की नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा आयोजित यह मेगा स्वास्थ्य शिविर सफाई मित्रों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे प्रयासों से न केवल कर्मियों का स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि स्वस्थ एवं स्वच्छ शहर की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी।
खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी म.प्र.
9301608586🖊️
Email - globalindiatodaynews@gmail.com