कटनी में दूसरे दिन भी चला सघन वाहन जांच अभियान नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 वाहनों पर कार्रवाई,बसें और ट्रक जब्त

कटनी में दूसरे दिन भी चला सघन वाहन जांच अभियान



नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 वाहनों पर कार्रवाई,बसें और ट्रक जब्त

ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]

कटनी (08 अप्रैल) - जिले में अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर लगातार दूसरे दिन कार्रवाई की गई। बुधवार को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी–कैमोर रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

          अभियान के दौरान सड़क पर गुजर रहे वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों, फिटनेस और ओवरलोडिंग की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 9 वाहन विभिन्न अनियमितताओं में लिप्त पाए गए।

परिवहन विभाग ने सभी दोषी वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को थाना कुठला तथा 4 वाहनों को थाना कैमोर में सुरक्षित खड़ा कराया।

जांच के दौरान एक ट्रक बिना वैध परमिट के संचालित होता पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। वहीं दो यात्री बसें बिना परमिट, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और बिना टैक्स के संचालित होती मिलीं। इन बसों के खिलाफ भी मौके पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया।

          इसके अलावा कई अन्य वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार पाया गया। ओवरलोडिंग को गंभीर उल्लंघन मानते हुए विभाग ने ऐसे सभी वाहनों पर चालानी कार्रवाई की और उन्हें जब्त किया। अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और सड़कों को भी भारी नुकसान होता है।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन न करें और ओवरलोडिंग से बचें।

          अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल ने बताया कि जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की कि वे परमिट, फिटनेस, टैक्स और अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

खबर और विज्ञापन के लिए हमसे संपर्क करें हर छोटी बड़ी खबरों के लिए हमसे जुड़े रहें।
प्रधान संपादक 
राहुल गोविन्द सोनकर
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी म.प्र.
9301608586🖊️
 


Email - globalindiatodaynews@gmail.com


Post a Comment (0)
Previous Post Next Post