शासकीय कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को राष्ट्रीय सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी (11 मार्च) - छात्राओं को राष्ट्रीय सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और उन्हें वर्तमान डिजिटल युग की चुनौतियों से निपटने के लिए सशक्त बनाने के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय,कटनी में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के उपलक्ष्य में व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. प्रभात ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व और साइबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में साइबर सुरक्षा व्यक्तिगत तथा राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न अंग बन चुकी है।
मुख्य वक्ता के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने साइबर फ्रॉड से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग,फेक लिंक,ओटीपी स्कैम,सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने के जोखिम तथा मजबूत पासवर्ड उपयोग जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। डॉ. डेहरिया ने बताया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर हमलों से सबसे प्रभावी बचाव है।
नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने स्वयं की सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर बल दिया। उन्होंने छात्राओं को घर से बाहर निकलते समय,सार्वजनिक स्थानों तथा यात्रा के दौरान सतर्क रहने के तरीके बताए। उन्होंने आत्मरक्षा के सरल तकनीकों,आपातकालीन नंबरों तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की सलाह दी,जिससे महिलाएं स्वयं को सुरक्षित रख सकें। उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए साइबर और भौतिक सुरक्षा के बीच संबंध पर जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. रोशनी पांडेय का विशेष योगदान रहा। सहसंयोजक शिल्पी कुमारी सिंह तथा प्रकोष्ठ के अन्य सदस्यों के समन्वय और अथक प्रयासों से यह आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे,जिनमें डॉ. विमला मिंज,डॉ. रश्मि चतुर्वेदी,डॉ. अमिताभ पांडेय,के.जे. सिन्हा,बंदना मिश्रा,मिथलेश्वरी,डॉ. अशोक शर्मा,भीम बर्मन,प्रेमलाल कोवरे,प्रियंका सोनी,स्मृति दहायत, आरती वर्मा,मीनाक्षी वर्मा,डॉ. सोनिया कश्यप,अंजनेय तिवारी,डॉ. पी.सी. कोरी,डॉ. प्रतिमा सिंह,डॉ. सृष्टि श्रीवास्तव, डॉ. अनिल द्विवेदी,डॉ. अशुतोष द्विवेदी,डॉ. रंजना वर्मा,डॉ. श्रद्धा वर्मा,डॉ मैत्रेयी शुक्ला,डॉ.अपर्णा मिश्रा,डॉ.मदन सिंह मरावी,पूजा सिंह राजपूत आदि शामिल थे।

