पंचायत सचिव,पटवारी,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मकान सूचीकरण
के साथ ई-केवाईसी,फार्मर आईडी एवं आयुष्मान कार्ड बनवायेंगे
ग्लोबल इंडिया टूडे न्यूज कटनी [ मध्यप्रदेश ]
कटनी - जनगणना 2027 के प्रथम चरण में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में मकान सूचीकरण 1 मई से 31 मई तक किया जाएगा। इस हेतु मकानों के नंबरिंग का कार्य जनगणना चार्ज स्तर पर संपादित किया जा रहा है। इसी अवधि में कलेक्टर के निर्देश पर डोर-टू-डोर जाकर ई-केवाईसी,फार्मर आईडी,आयुष्मान कार्ड भी अभियान चलाकर बनाये जायेंगे।
मकान नंबरिंग हेतु पटवारी एवं सचिवों को संयुक्त रूप से समस्त ग्रामों में डोर-टू-डोर भ्रमण कर मकान नंबरिंग डलवाने के निर्देश दिये गये हैं। समस्त मकानों में नंबरिंग उत्तर-पश्चिम से दक्षिण-पूर्व की ओर की जाएगी।
जारी निर्देश में पटवारियों को इस कार्य के साथ ही हितग्राहियों के फार्मर आईडी बनाने एवं ग्राम पंचायत सचिवों को समग्र ईकेवायसी करने के निर्देश दिए गये हैं। साथ ही डोर-टू-डोर मकान नंबरिंग के दौरान आशा कार्यकर्ता,ग्राम रोजगार सहायक एवं आंगनबाडी कार्यकर्ता शेष बचे समस्त पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करेंगे।
जारी निर्देश में स्पष्ट किया है कि समस्त खण्डस्तरीय अधिकारी सौंपे गये कार्यों की विधिवत मानिटरिंग करेंगे और उक्त कार्य 7 दिवस में पूर्ण कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने फील्ड कर्मचारियों द्वारा लापरवाही किये जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए हैं।

